41 C
Lucknow
Friday, April 24, 2026

विश्वविद्यालय के पालीवाल परिसर में छत का प्लास्टर गिरा, बड़ा हादसा टला

Must read

आगरा
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के पालीवाल परिसर में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विधि विभाग स्थित गर्ल्स कॉमन रूम की छत का प्लास्टर अचानक दोपहर करीब 2:50 बजे भरभराकर गिर पड़ा, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

इस घटना में एक कर्मचारी घायल हो गया, जिसे तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज भेजकर उपचार दिलाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कमरे में छात्राएं मौजूद नहीं थीं, वरना यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, यह भवन पहले इतिहास विभाग का हिस्सा था, जिसे बाद में विधि विभाग के रूप में इस्तेमाल किया जाने लगा। छात्रों का कहना है कि भवन की हालत पहले से ही जर्जर थी और कई जगहों पर प्लास्टर कमजोर हो चुका था।

चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि इसी विभाग में दो दिन पहले भी एक अन्य कमरे की छत का प्लास्टर गिरा था। इसके बावजूद मरम्मत या सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे मंगलवार को फिर वही स्थिति दोहराई गई।

घटना के बाद पूरे कमरे में लिंटर की ईंटें और मलबा फैल गया, जिससे भवन की स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई है। छात्रों का कहना है कि यदि यह हादसा कक्षाओं के दौरान होता, तो कई छात्र-छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो सकते थे।

इस मामले ने विश्वविद्यालय की भवन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्र संगठनों और प्रतिनिधियों ने मांग की है कि सभी पुराने और जर्जर भवनों की तत्काल जांच कराई जाए और आवश्यक मरम्मत कार्य तुरंत शुरू किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article