फर्रुखाबाद। शहर के लाल गेट स्थित ठंडी सड़क पर चल रहे नाला निर्माण कार्य ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। निर्माण कार्य के चलते सड़क पर आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे आमजन को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि नाला खोदने के बाद निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से किया जा रहा है। कछुआ चाल से चल रहे इस काम के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे छोटे और बड़े वाहनों के गुजरने में दिक्कत होती है और अक्सर जाम लग जाता है।
व्यापारियों ने बताया कि सड़क पर लगातार जाम और अव्यवस्था के कारण ग्राहकों का उनकी दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है, जिससे उनके व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। कई दुकानदारों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि प्रशासन को निर्माण कार्य में तेजी लानी चाहिए और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।
ठंडी सड़क पर नाला निर्माण बना मुसीबत, जाम और धीमी रफ्तार से व्यापारी परेशान


