परिजनों में मचा कोहराम, घंटों जाम से जूझते रहे लोग
आगरा
जिले में बुधवार सुबह एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। आगरा-ग्वालियर हाईवे पर थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव बाद के समीप स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक साइकिल सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार तेहरा क्षेत्र के हुलसपुरा गांव निवासी करीब 32 वर्षीय बंटू पुत्र गिर्राज सिंह रोज की तरह सुबह-सुबह मजदूरी के लिए साइकिल से आगरा शहर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह गांव बाद के पास रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बंटू सड़क पर दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। कई किलोमीटर तक जाम लगने से राहगीर और वाहन चालक घंटों तक फंसे रहे।
सूचना मिलते ही अपराध निरीक्षक सचिन जावला और चौकी प्रभारी ककुआ अनुज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए भीड़ को हटाया और कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर यातायात को सुचारू कराया। इस दौरान पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य भी जुटाए।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों ने बताया कि बंटू परिवार का कमाने वाला मुख्य सदस्य था और उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
यह हादसा एक बार फिर यह साबित करता है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना किस तरह जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन और पुलिस द्वारा लगातार सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद ऐसे हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, जो एक गंभीर चिंता का विषय बना हुआ


