संभल
धनारी थाना क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर पीपलवाला के जंगल में सोमवार शाम करीब 4 बजे एक दर्दनाक घटना में बच्चों के खेलने के दौरान गेहूं के खेत में आग लग गई। इस आग में लगभग 9 बीघा फसल जलकर राख हो गई, जिससे दो किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
जानकारी के अनुसार, खेत में कुछ बच्चे खेल रहे थे, तभी अचानक आग लग गई। आग लगते ही बच्चे डरकर गांव की ओर भाग गए। देखते ही देखते आग ने पास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया और फसल जलकर नष्ट होने लगी।
ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर दमकल विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया। ग्रामीणों की तत्परता से आग को अन्य खेतों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
इस घटना में किसान साबिर और पप्पू की फसल प्रभावित हुई। साबिर ने बताया कि उनकी लगभग चार बीघा गेहूं की फसल जल गई, जिससे उन्हें करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं पप्पू की लगभग पांच बीघा फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली थी, लेकिन अभी तक किसी भी किसान की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


