28 C
Lucknow
Monday, April 13, 2026

तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को मारी टक्कर, 20 मीटर तक घसीटने से पिता की दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

Must read

– 20 मीटर तक घसीटने से पिता की दर्दनाक मौत

– आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

फर्रुखाबाद, सोमवार: जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बेकाबू कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार चालक ने बाइक सवार को करीब 20 मीटर तक घसीट दिया, जिससे पिता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पुत्र घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना नवाबगंज के गांव हईपुर निवासी रिंकू पुत्र हरीदास अपने 12 वर्षीय पुत्र शिवदीप के साथ सोमवार दोपहर लगभग ढाई बजे खेत से बाइक द्वारा घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव वेग के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी फर्रुखाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद रिंकू कार में फंस गया और लगभग 20 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। इसी दौरान अनियंत्रित कार पेट्रोल पंप की दीवार तोड़ते हुए सड़क किनारे खेत में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को पकड़ लिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल रिंकू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को पुलिस जीप से उतारकर सड़क पर रख दिया और नवाबगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया।
ग्रामीण उच्चाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली। जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने।
करीब एक घंटे बाद उपजिलाधिकारी सदर रजनीकांत और मोहम्मदाबाद क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। मौके पर मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह, मोहम्मदाबाद प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और जहानगंज प्रभारी निरीक्षक पूनम अवस्थी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
लगभग डेढ़ घंटे बाद अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन और ग्रामीण माने और शव को सड़क से हटाकर पेट्रोल पंप के पास रख दिया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पिता हरीदास, पत्नी विनीता देवी, पुत्री वर्षा, पुत्र शिवदीप और कृष्णा सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
शाम करीब सवा पांच बजे मृतक के पिता हरीदास ने जनपद एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र निवासी कार चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गईं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article