28 C
Lucknow
Monday, April 13, 2026

तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, आक्रोशित परिजनों ने लगाया जाम

Must read

फर्रुखाबाद। थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव हईपुर निवासी रिंकू (पुत्र हरिदास) की सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने 12 वर्षीय पुत्र शिवदीप के साथ बाइक से खेत से घर लौट रहे थे। लगभग ढाई बजे जैसे ही वे गांव वेग के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, फर्रुखाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रिंकू कार में फंस गए और काफी दूर तक सड़क पर घिसटते चले गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं अनियंत्रित कार पेट्रोल पंप की दीवार तोड़ते हुए सड़क किनारे खेत में जा घुसी।
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और बैठा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीप में रखा, लेकिन आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को नीचे उतारकर सड़क पर रख दिया और नवाबगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया।
जाम के दौरान परिजन उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों, खासकर महिलाओं के बीच नोकझोंक भी हुई। सूचना पर जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांग पर डटे रहे।
करीब एक घंटे बाद मौके पर उपजिलाधिकारी सदर रजनीकांत और मोहम्मदाबाद क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया, जिसके बाद लगभग डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका और शव को सड़क से हटाकर पेट्रोल पंप के पास रखा गया, जिससे आवागमन बहाल हो सका।
मौके पर मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह, मोहम्मदाबाद प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और जहानगंज थाना प्रभारी पूनम अवस्थी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता हरिदास, पत्नी विनीता देवी, पुत्री वर्षा (14), पुत्र शिवदीप (12) और कृष्णा (7) सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
शाम लगभग 5:15 बजे मृतक के पिता हरिदास ने जनपद एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र के मोहल्ला मेवातियान निवासी कार चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article