फर्रुखाबाद। शहर के रखा तिराहा स्थित शिव वाटिका गेस्ट हाउस में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू रक्षा मंच के स्थापना दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली, जहां समाज की एकता, सुरक्षा और समरसता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महंत ईश्वरदास महाराज ने शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के सभी वर्ग एकजुट नहीं होंगे, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है।
इस मौके पर संगठन के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। जिला अध्यक्ष रामवीर चौहान ने समाज में सफाई कर्मियों की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अक्सर उन्हें नजरअंदाज किया जाता है, जबकि उनकी मेहनत से ही स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण संभव हो पाता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हिंदू रक्षा मंच एक सामाजिक संगठन है, जिसका उद्देश्य समाज को एक सूत्र में बांधना है, न कि किसी राजनीतिक विचारधारा से जुड़ना।
कार्यक्रम के दौरान महंत ईश्वरदास महाराज ने सफाई कर्मियों और सफाई नायकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस पहल को वहां मौजूद लोगों ने खूब सराहा और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रामवीर चौहान, संस्थापक बविता पाठक, महिला जिला अध्यक्ष निधि, महासचिव विद्याराम पाण्डेय, रागिनी त्रिवेदी, सभासद अनिल तिवारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सैकड़ों की संख्या में पुरुष और महिलाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को सफल और प्रभावशाली बना दिया।
स्थापना दिवस पर गूंजा सामाजिक एकता का संदेश, सफाई कर्मियों का हुआ सम्मान


