फर्रुखाबाद। नगर के पटेल पार्क,में महिला पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में हरिद्वार योगपीठ के स्वामी जी महाराज के दो सशक्त स्तम्भ केंद्र प्रभारी दीदी साध्वी देवदीति जी एवं राज्य प्रभारी दीदी सीमा जौहर जी के पावन आगमन पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
महिला पतंजलि योग समिति की जिला प्रभारी श्रीमती पूनम मौर्या के नेतृत्व में कार्यक्रम बहुत ही सुचारू रूप से सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम का संचालन शिल्पी रस्तोगी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ “ॐ नातोस्तुभ्य गुरुवे नमः” के उद्घोष के साथ हुआ। समिति की बहनों ने दोनों दीदियों का पुष्प-गुच्छ व शॉल ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर गुरु राकेश द्विवेदी , गुरु माता श्रीमती अनीता द्विवेदी , श्रीमती चित्रा , प्रभारी बहन श्रीमती स्नेह लता यादव , साध्वी बहन, मुन्ना लाल यादव एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भाईयों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
दीदी साध्वी देवदीति ने अपने उद्बोधन में पूज्य स्वामी जी महाराज के ‘रोगमुक्त भारत’ के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। राज्य प्रभारी दीदी सीमा जौहर ने सभी बहनों को नियमित योग, प्राणायाम व सेवा कार्यों से जुड़ने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम में भारी संख्या में योग साधिका बहनें उपस्थित रहीं। अंत में सभी ने संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।


