महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक पुल पर हुआ, जहां सीमेंट मिक्सर और वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना मुरबाड के गोविली गांव स्थित रैता पुल पर सुबह करीब 11:30 बजे हुई। विपरीत दिशा से आ रहे सीमेंट मिक्सर से वैन की सीधी भिड़ंत इतनी तेज थी कि वैन में सवार नौ लोगों की मौके पर ही जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राहत और चिकित्सा टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं शवों को बाहर निकालने का काम भी तेजी से किया गया।
हादसे के बाद पुल पर लंबा जाम लग गया, जिसे हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।


