फतेहपुर
गाजीपुर कस्बे में शराब पीने की आदत को लेकर हुए विवाद के बाद एक 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर कस्बा निवासी 25 वर्षीय शारिक खान का अपनी पत्नी समरीन से शराब पीने की आदत को लेकर अक्सर विवाद होता था। शनिवार रात भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद शारिक अपने कमरे में चला गया।
आरोप है कि उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगा ली। जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों को शक हुआ। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही घर में मातम छा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक के भाई आरिफ ने बताया कि शारिक शराब पीने का आदी था, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद होते रहते थे। शारिक अपने पीछे पत्नी समरीन, दो पुत्र हमदान और फरहान तथा एक पुत्री को छोड़ गया है।
थाना प्रभारी हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।


