कानपुर
बिल्हौर क्षेत्र में इन दिनों जमीन कब्जे के आरोपों को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। सपा पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रचना सिंह गौतम ने क्षेत्रीय विधायक राहुल बच्चा सोनकर पर गंभीर आरोप लगाते हुए चौबेपुर ब्लॉक के इंदलपुर (सम्भल मिश्रान) गांव में अवैध रूप से जमीन कब्जाने का मुद्दा उठाया है।
रचना सिंह गौतम ने सार्वजनिक रूप से जारी अपने बयान में आरोप लगाया कि संबंधित स्थान पर बिना किसी ग्राम सभा प्रस्ताव और बिना सरकारी बजट के भूमिपूजन किया गया, जो नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि रातों-रात करीब 10 फीट ऊंची बाउंड्री वाल खड़ी कर दी गई, जिससे वहां रह रहे गरीब परिवारों को हटाया गया। उनके अनुसार, यदि यह कार्य सरकारी होता तो मौके पर सूचना पट्ट लगाया जाता, जो नहीं पाया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जीटी रोड चौड़ीकरण से विस्थापित हुए परिवारों को बसाने के बजाय उनके अधिकारों का हनन किया गया है। इस पूरे मामले में उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर उनकी जानकारी के बिना इस प्रकार का निर्माण कैसे हो गया।
रचना सिंह गौतम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो यह मुद्दा जन आंदोलन का रूप ले सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की जनता अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने को तैयार है और कथित अवैध कब्जे को हटाने की मांग कर रही है।
हालांकि, इस मामले में विधायक राहुल बच्चा सोनकर या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हैं और लोग प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।


