36 C
Lucknow
Sunday, April 12, 2026

तड़के सनसनीखेज फायरिंग: घर में सो रहे पिता और मासूम बेटे को मारी गोली, इलाके में दहशत

Must read

सीतापुर

सदरपुर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे पिता और उसके तीन वर्षीय मासूम बेटे को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल दोनों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सदरपुर क्षेत्र के तुरनी गांव निवासी सुनील कुमार (35) और उनका पुत्र अभय (3) देर रात अपने घर में सो रहे थे। तड़के करीब तीन बजे अज्ञात हमलावरों ने पहले घर के बाहर की बिजली केबल काट दी, जिससे पूरे इलाके में अंधेरा छा गया। इसके बाद बदमाशों ने दरवाजे पर बंधी तिरपाल को हटाकर घर में घुसकर सोते समय ही पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सुनील कुमार के बड़े भाई किशोरी लाल ने बताया कि दोनों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उनका इलाज कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। घर से लगभग 100 मीटर दूरी पर स्थित एक मंदिर के कमरे का ताला टूटा मिला, जहां से कुछ सामान और राशन गायब बताया जा रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि बदमाशों ने लूट की नीयत से वारदात को अंजाम दिया और विरोध होने पर फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिस सभी संभावित एंगल, जिसमें लूट और आपसी रंजिश शामिल हैं, की गहनता से जांच कर रही है।
परिवार के लोगों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, जिससे घटना और भी रहस्यमय बन गई है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर लगातार प्रयास कर रही है। इस वारदात ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को दहला दिया है, बल्कि कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article