मोहम्मदाबाद
थाना क्षेत्र के ग्राम ज्योता में एक युवक का शव आम के पेड़ पर सुतली की रस्सी के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक ससुराल आया हुआ था और उसकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र के मोहल्ला विकास नगर (मैनपुरी रोड) निवासी राम अवतार के 35 वर्षीय पुत्र संजय कुमार का शव ज्योता निवासी जोगेंद्र सिंह के खेत में खड़े आम के पेड़ पर लटका मिला। सुबह शौच के लिए जा रहे ग्रामीणों ने शव देखा और इसकी सूचना मृतक के ससुराल पक्ष को दी। इसके बाद ससुर नरेश चंद्र द्वारा डायल 112 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डायल 112 पुलिस ने घटना की प्रारंभिक सूचना दर्ज की।
मृतक के पिता राम अवतार ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया है। उन्होंने बताया कि संजय तीन दिन पहले दिल्ली से घर लौटा था और 11 अप्रैल 2026 को ससुराल आया था, जहां सुबह उसकी मौत की सूचना मिली।
वहीं मृतक की पत्नी मोनी ने बताया कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। उसके अनुसार, मृतक उसे पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी दे रहा था और स्वयं आत्महत्या करने की बात भी कर रहा था। विवाद बढ़ने पर डायल 112 को सूचना भी दी गई थी। पत्नी ने यह भी बताया कि दिल्ली में किसी महिला से मृतक का कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर आए दिन विवाद होता था।
मृतक पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी वर्ष 2009 में मोनी से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं—पुत्री सौम्या (14 वर्ष) और पुत्र अंशु (12 वर्ष)। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, मां सूरजमुखी और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। उपनिरीक्षक अरविंद अवस्थी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ससुराल में आम के पेड़ पर लटका मिला युवक, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप


