अमृतपुर। थाना क्षेत्र के डांडीपुर गांव में शुक्रवार दोपहर घर में करंट लगने से एक 40 प्रतिशत दिव्यांग युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, डांडीपुर गांव निवासी मदनपाल के पुत्र अमित शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे घर में मौजूद था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिजनों में अफरातफरी मच गई। परिजन तत्काल उसे 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अमित को मृत घोषित कर दिया।
अमित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मां अरुणा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की असामयिक मौत से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। अमित के पिता मदनपाल हरियाणा में नौकरी करते हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। परिजनों के अनुसार, अमित दो भाइयों और चार बहनों में सबसे बड़ा था। वह 40 प्रतिशत दिव्यांग था और उसके पास दिव्यांगता का प्रमाण पत्र भी था।
शारीरिक अक्षमता के बावजूद अमित मेहनत कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। वह पेंटिंग का काम करता था और अपनी कमाई से परिवार का सहयोग करता था। ग्रामीणों के अनुसार, वह मेहनती और मिलनसार स्वभाव का था।
अमित की अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने उसे मेहनती, मिलनसार और होनहार युवक बताया। हादसे की जानकारी मिलने पर करनपुर दत्त के प्रधान राजकुमार राजपूत भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
घर में करंट लगने से 40 प्रतिशत दिव्यांग युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम


