एनएच-91 पर भीषण हादसा, पुलिस ने क्रेन से हटवाए वाहन
बुलंदशहर। घने कोहरे के कारण बुलंदशहर में बड़ा सड़क हादसा हो गया। अरनिया थाना क्षेत्र के एनएच-91 पहावटी के पास कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम हो गई, जिसके चलते आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में 10 यात्री घायल हो गए।
वाहनों की आपसी टक्कर के बाद हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभालने में जुट गई।
पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात सुचारू कराया जा सका।
हादसे में घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि घने कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाएं, फॉग लाइट का उपयोग करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।






