फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र में बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन युवक को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव भरखा निवासी 25 वर्षीय महिपाल पुत्र बटेश्वर धानुका शुक्रवार को जनता भारतीय इंटर कॉलेज के पास जानवर चराने गया था। बताया गया कि इसी दौरान वह बाढ़ के पानी के पास अचानक फिसल गया और गहरे पानी में जा गिरा। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया।
हादसे की जानकारी आसपास मौजूद लोगों के माध्यम से परिजनों को हुई तो परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। युवक को पानी से बाहर निकालने के बाद परिजन उसे लेकर तत्काल लोहिया अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद महिपाल को मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। बाढ़ के पानी में डूबने से हुई इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
बाढ़ के पानी में डूबकर युवक की मौत, जानवर चराने के दौरान हुआ हादसा


