फतेहपुर
एक गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना जिले के सुकेती गांव की है, जहां शुक्रवार शाम करीब 4 बजे ग्रामीणों ने एक आम के बाग में युवक का शव देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है। उसके पिता माधव के अनुसार राहुल की शादी दो वर्ष पहले हठगांव थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव की शिवदेवी से हुई थी। दंपति का एक दो वर्षीय बेटा गगन भी है और राहुल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह राहुल और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी अपने बेटे को लेकर मायके चली गई। इस घटना के बाद राहुल घर से निकल गया था।
शाम के समय परिजनों को उसके मृत मिलने की सूचना मिली, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के परिवार में उसके माता-पिता के अलावा 11 वर्षीय छोटा भाई हरिओम भी है।
थाना प्रभारी हनुमान प्रताप सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


