मोहम्मदाबाद: थाना क्षेत्र के ग्राम नगला तबलदार निवासी जयवीर सिंह के पुत्र अनिल यादव ने पुलिस को तहरीर देकर पड़ोसियों पर नशे की हालत में गाली-गलौज करने और विरोध करने पर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मारपीट करने का आरोप लगाया है। मारपीट में अनिल के शरीर पर चोटें आई हैं। पुलिस ने घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया है।
अनिल यादव ने तहरीर में बताया कि 15 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे वह घर के दरवाजे पर चारपाई पर लेटा था। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी दिनेश उर्फ करु का पुत्र सोबरन सिंह तथा दिनेश उर्फ करु के पुत्र प्रियांशु और चुचू नशे की हालत में वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों तथा लाठी-डंडों से मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया।
कार्यवाहक थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


