30.6 C
Lucknow
Tuesday, July 21, 2026

चलती ट्रेन से कूदकर युवती ने दी जान, पुलिस को आधार कार्ड से हुई पहचान

Must read

 

फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां छपरा एक्सप्रेस से एक युवती के कूद जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद से कानपुर की ओर जा रही छपरा एक्सप्रेस जब कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम शेखपुर के सामने रेलवे गुमटी के पास से गुजर रही थी, तभी ट्रेन में सवार एक युवती अचानक बोगी से नीचे कूद गई। रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े पत्थरों पर गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रेलवे फाटक बंद होने के कारण वहां कई राहगीर खड़े थे। उन्होंने युवती को चलती ट्रेन से छलांग लगाते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कमालगंज थाने के उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह चंदेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव की तलाशी ली, जिसमें युवती के पास से एक आधार कार्ड बरामद हुआ। आधार कार्ड के आधार पर मृतका की पहचान 21 वर्षीय गुलसाना खातून पुत्री नूर मियां, निवासी मोहल्ला तराई, शमशाबाद के रूप में हुई।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस आत्महत्या सहित अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है।
घटना से मृतका के परिवार में शोक का माहौल है, वहीं क्षेत्र में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article