*भाई ने लगाया मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा*
*अमृतपुर*
थाना अमृतपुर क्षेत्र के कस्बा अमृतपुर में रविवार सुबह एक युवक की मौत से सनसनी फैल गई। युवक का शव घर के बाहर शहतूत के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना पर थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। उपनिरीक्षक प्रताप सिंह ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।कस्बा अमृतपुर निवासी विकास अवस्थी पुत्र स्वर्गीय रामानंद अवस्थी की शादी एक मार्च 2024 को बिलसड़िया, थाना कंपिल निवासी कुमकुम के साथ हुई थी। मृतक के भाई शेखर ने ससुरालीजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। धीरे-धीरे विवाद दोनों परिवारों तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाह के दौरान दिए गए जेवरों को लेकर भी विवाद चल रहा था और कुमकुम अधिकांश समय अपने मायके में रहती थी।शेखर का आरोप है कि विकास के साथ कई बार कथित रूप से गाली-गलौज की गई और उसे धमकाया गया। परिजनों के अनुसार 19 सितंबर को भी ससुरालीजनों से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद विकास काफी तनाव में नजर आया। परिजनों ने आरोप लगाया कि लगातार चल रहे पारिवारिक विवाद और कथित मानसिक प्रताड़ना के चलते वह परेशान था।बताया गया कि 19 सितंबर को परिवार के सदस्य अमृतपुर स्थित भारतदास बाबा मंदिर में आयोजित राधाष्टमी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उस समय विकास घर पर अकेला था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिजन घर लौटे तो विकास की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।मृतक की मां लाली देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। विकास की एक बेटी वंशिका है। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी तीन बहनों में दो की शादी हो चुकी है, जबकि बहन पल्लवी अविवाहित है।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से जानकारी जुटाई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की ओर से ससुरालीजनों पर लगाए गए मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


