हमीरपुर
जनपद के सुमेरपुर कस्बे के एक युवक की गाजियाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना 15 मार्च की रात गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में हुई, जहां युवक अपने साथियों के साथ रहकर एक फैक्ट्री में काम करता था। परिजनों ने युवक के दोस्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतक की पहचान सुमेरपुर के इमिलिया थोक निवासी 25 वर्षीय बॉबी सोनकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बॉबी गाजियाबाद में नौकरी करता था और वहीं अपने कुछ साथियों के साथ रहता था। घटना वाली रात उसका अपने ही साथी रवि से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के दौरान रवि ने बॉबी को छत से नीचे धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई। तीन दिन तक इलाज चलने के बाद आखिरकार बॉबी ने दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम के बाद जब बॉबी का शव उसके पैतृक गांव सुमेरपुर पहुंचा, तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था और परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। उसके भाई अंकित, वीरेंद्र और गोविंद तथा माता-पिता धर्मेंद्र सोनकर और कुसमा इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
परिवार ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिया है और आरोप लगाया है कि स्पष्ट सबूत होने के बावजूद अभी तक आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।


