लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिड-डे मील रसोइयों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए उनके मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब प्रदेश के मिड-डे मील रसोइयों को 2000 रुपये के स्थान पर 3000 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के हजारों रसोइयों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने रसोइयों के ड्रेस भत्ते में भी बढ़ोतरी की है। पहले ड्रेस के लिए 500 रुपये दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर अब 1000 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा रसोइयों को कैशलेस हेल्थ कार्ड की सुविधा देने का भी ऐलान किया गया है, जिससे उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में राहत मिलेगी।
सरकार ने रसोइयों के लिए दो लाख रुपये के दुर्घटना बीमा की सुविधा देने की भी घोषणा की है। इससे किसी दुर्घटना की स्थिति में रसोइयों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी। मुख्यमंत्री ने मिड-डे मील व्यवस्था में रसोइयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके हितों को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया है।
मानदेय में 1000 रुपये की बढ़ोतरी, ड्रेस भत्ते को दोगुना किए जाने और स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाओं की घोषणा के बाद रसोइयों में खुशी का माहौल है। सरकार के इस फैसले को रसोइयों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


