– प्रदेशभर में छापेमारी; 9.72 करोड़ से अधिक का माल जब्त
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने प्रदेशव्यापी विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान प्रदेशभर में 489 स्थानों पर छापेमारी की गई और 658 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजे गए।
अभियान के दौरान विभाग ने 9.72 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के खाद्य पदार्थ जब्त किए, जबकि 1,398.42 क्विंटल खाद्य सामग्री सीज की गई। इसके अलावा 21.85 लाख रुपये मूल्य के मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया।
सबसे बड़ी कार्रवाई कानपुर देहात में हुई, जहां करीब 9.45 करोड़ रुपये मूल्य का घी सीज किया गया। वहीं आगरा में लगभग 4,000 किलोग्राम अस्वच्छ खोया नष्ट कराया गया। मथुरा में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक डेयरी का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया तथा 1,200 किलोग्राम पनीर और 3,000 लीटर दूध नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की अपर मुख्य सचिव रोशन जैकब ने कहा कि प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


