– हिंदी पखवाड़े के तहत नूंनहाई में भव्य कवि सम्मेलन
– डॉ. शिव ओम अंबर की अध्यक्षता में सजी काव्य संध्या
– डॉ. अंबर के जन्मदिन पर हुआ सम्मान, देर रात तक श्रोताओं ने उठाया कविताओं का आनंद
फर्रुखाबाद। मोहल्ला नुनहाई में राजा भगवान गणेश जी के पांचवें महोत्सव के अवसर पर हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। गजानन महाराज की प्रतिमा के समक्ष आयोजित काव्य संध्या में देश के प्रख्यात कवि डॉ. शिव ओम अंबर ने अध्यक्षता की। देर रात तक चले कार्यक्रम में कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रीति पवन तिवारी की वाणी वंदना से हुई। इसके बाद युवा कवि एवं कार्यक्रम संयोजक निमिष टंडन ने अपनी गजलों की प्रस्तुति से काव्य संध्या में रंग भर दिया। उनकी रचनाओं पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं।
कवि सम्मेलन में ओज के कवि दिलीप कश्यप ने अपनी प्रभावशाली कविताओं से वातावरण में उत्साह का संचार किया। वहीं हास्य कवि नीलकमल त्रिवेदी ने अपनी हास्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।
गीतकार जयप्रकाश ने अपने मधुर गीतों की प्रस्तुति से कार्यक्रम को नई ऊंचाई प्रदान की। विभिन्न रसों और विधाओं से सजी प्रस्तुतियों ने देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा।
कार्यक्रम का कुशल संचालन वैभव सोमवंशी ने किया। उन्होंने अपनी संचालन शैली से कवि सम्मेलन को रोचक बनाए रखा और प्रत्येक कवि का प्रभावी ढंग से परिचय कराया।
कार्यक्रम के दौरान कवि डॉ. शिव ओम अंबर के जन्मदिन के अवसर पर आयोजकों एवं उपस्थित गणमान्य लोगों ने उनका सम्मान किया। उन्हें शुभकामनाएं देते हुए साहित्य और हिंदी के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम के आयोजक विपिन वर्मा और जितेंद्र वर्मा ने सभी कवियों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पवन वर्मा ने संभाली और कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया।
कवि सम्मेलन में मोहल्ला नूंनहाई के अनेक गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी मौजूद रहे। गणेश महोत्सव के धार्मिक वातावरण में हिंदी और साहित्य की इस शाम ने आयोजन को विशेष रंग प्रदान किया।


