36.9 C
Lucknow
Saturday, August 1, 2026

बुखार और पेट दर्द से पीड़ित किशोरी की रास्ते में मौत, लोहिया अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

Must read

फर्रुखाबाद। बुखार और पेट दर्द से पीड़ित एक 16 वर्षीय किशोरी की हालत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय लेकर जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया।
जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के थाना अल्लाहगंज क्षेत्र के गांव साहिबगंज निवासी दिनेश संखवार की 16 वर्षीय पुत्री स्वाति पिछले तीन-चार दिनों से बुखार और पेट दर्द से पीड़ित थी। परिजनों ने शुरुआत में घरेलू उपचार और स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, लेकिन उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। शनिवार को अचानक उसकी हालत अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद परिवार के लोग आनन-फानन में उसे फर्रुखाबाद स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय लेकर रवाना हुए।
बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में स्वाति ने दम तोड़ दिया। इसके बावजूद परिजन उसे लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में मौजूद अन्य मरीज और तीमारदार भी इस दर्दनाक घटना से भावुक हो उठे।
परिजनों के अनुसार स्वाति को कई दिनों से लगातार बुखार और पेट दर्द की शिकायत थी। अचानक तबीयत बिगड़ने से परिवार को संभलने का मौका भी नहीं मिला। किशोरी की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article