लखनऊ। राजधानी का बहुचर्चित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (जेपीएनआईसी) एक बार फिर सुर्खियों में है। लंबे समय से बंद पड़े इस प्रतिष्ठित परिसर को संचालित करने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण ने इसे 20 से 35 वर्ष की दीर्घकालीन लीज पर देने की तैयारी शुरू कर दी है।
इस संबंध में हुई एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में परियोजना के भविष्य और संचालन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्राधिकरण की योजना है कि जेपीएनआईसी के संचालन के लिए वैश्विक स्तर पर निविदाएं आमंत्रित की जाएं, ताकि देश-विदेश की प्रतिष्ठित संस्थाएं और कंपनियां इसमें भाग लेकर बेहतर संचालन का प्रस्ताव दे सकें।
अधिकारियों के अनुसार, दीर्घकालीन लीज के माध्यम से परिसर का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने, आधुनिक सुविधाएं विकसित करने तथा इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक आयोजनों के लिए उपयोगी बनाया जाएगा।
लखनऊ विकास प्राधिकरण का मानना है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद जेपीएनआईसी की उपयोगिता बढ़ेगी और लंबे समय से बंद पड़े इस बहुचर्चित परिसर को नई पहचान मिल सकेगी।


