कानपुर देहात। मूसानगर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ऑटो लूट के मामले का एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर 25 जुलाई को ऑटो लूट की वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, मूसानगर थाना पुलिस संदिग्ध बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बदमाशों से आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और मुठभेड़ के दौरान हिमांशु के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने मौके पर ही कब्जे में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
वहीं दूसरा आरोपी शुभम मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे भी दबोच लिया। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने 25 जुलाई को मूसानगर क्षेत्र में ऑटो लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद से पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त सामान और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए जा रहे हैं। पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि दोनों किसी अन्य आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।


