क्रासर
तीन दिन में कार्रवाई न होने पर व्यापार मंडल ने धरना-प्रदर्शन की दी चेतावनी
फर्रुखाबाद। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई ने विद्युत उपकेंद्र लाकुला के एक कर्मचारी पर व्यापारी के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने मामले में निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मचारी को निलंबित किए जाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापार मंडल व्यापारी सम्मान की रक्षा के लिए धरना-प्रदर्शन करेगा।
जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन के जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता उर्फ माइकल पापड़ी वाले ने 29 जुलाई को अपने घरेलू विद्युत संयोजन (खाता संख्या 3516303000) का बिल जमा किया। बिल की राशि ₹28,907 आने पर वह इसकी जानकारी लेने के लिए विद्युत उपकेंद्र लाकुला पहुंचे।
आरोप है कि वहां मौजूद विद्युत कर्मचारी अमित मिश्रा से बढ़े हुए बिल के संबंध में जानकारी मांगी गई तो उन्होंने संतोषजनक जवाब देने के बजाय अभद्र व्यवहार किया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कर्मचारी ने हाथापाई की तथा घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी नहीं करने दी।
व्यापार मंडल ने कहा कि व्यापारियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर दोषी कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है।
इस संबंध में संबंधित विद्युत कर्मचारी या विद्युत विभाग का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। यदि विभाग की ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त होती है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
व्यापारी से अभद्रता का आरोप, कर्मचारी के निलंबन की मांग


