शमशाबाद (फर्रुखाबाद)। शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम खुडना बैद में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एक युवक ने कथित तौर पर अपनी 55 वर्षीय मां की सिलबट्टे के बट्टे से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची बहन पर भी उसने जानलेवा हमला कर दिया। जान बचाने के लिए बहन को कमरे में बंद होना पड़ा। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू किया और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार ग्राम खुडना बैद निवासी रामदुलारे राठौर की पत्नी नन्ही देवी बुधवार सुबह करीब छह बजे घर पर थीं। घर में पुत्र पंकज और पुत्री सुमन भी मौजूद थे। बताया गया कि नाश्ते की तैयारी के दौरान अचानक पंकज ने आंगन में रखा सिलबट्टे का भारी बट्टा उठाकर अपनी मां के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से नन्ही देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
मां पर हमला होते देख पुत्री सुमन ने शोर मचाया और बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि पंकज ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की। सुमन अपनी जान बचाने के लिए एक कमरे में जाकर बंद हो गई। इसके बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा भी तोड़ने का प्रयास किया। युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसे बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि कमरे का दरवाजा तोड़कर सुमन को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आरोपी पंकज शिक्षित युवक है और मंझना क्षेत्र में जनरल स्टोर संचालित करता है। ग्रामीणों का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव और अवसाद में था तथा सरकारी नौकरी न मिलने से परेशान चल रहा था। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी कायमगंज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने हत्या में प्रयुक्त सिलबट्टे का बट्टा समेत अन्य साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय भेज दिया तथा आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतका का बड़ा पुत्र शुभम अपने परिवार के साथ पानीपत में रहकर मजदूरी करता है। घटना की सूचना मिलते ही वह फर्रुखाबाद के लिए रवाना हो गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मदारी गंगवार ने बताया कि पंकज को गांव में शांत और शिक्षित युवक के रूप में जाना जाता था। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि वह इतना भयावह कदम उठा देगा। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कलयुगी बेटे ने सिलबट्टे से मां की हत्या की, बहन पर भी किया जानलेवा हमला; ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा


