फर्रुखाबाद/अमृतपुर। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए अमृतपुर तहसील प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी श्वेता साहू एवं नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह ने हुसैनपुर, राजपुर तथा पिथनापुर के अमर ज्योति इंटर कॉलेज, गनुआपुर स्थित बाढ़ शरणालयों का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शरणालयों में पेयजल, साफ-सफाई, बिजली, शौचालय, ठहरने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि बाढ़ की स्थिति बनने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।
एसडीएम श्वेता साहू ने राजस्व टीम, ग्राम पंचायत अधिकारियों और अन्य विभागों को निर्देशित किया कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गंगा के बढ़ते जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने, बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने तथा प्रत्येक गतिविधि की नियमित रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही नावों, राहत सामग्री, दवाइयों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
प्रशासन ने तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट कर दिया गया है और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएंगे। गंगा के जलस्तर पर प्रशासन की लगातार पैनी नजर बनी हुई है।


