34.2 C
Lucknow
Tuesday, July 28, 2026

अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या

Must read

– खेत की मेड़ पर मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने खेत की मेड़ पर शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान पप्पू यादव (45) पुत्र विक्रम सिंह, निवासी ग्राम सबासी गंगापार, थाना कमालगंज के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार सुबह बसैकापुर जाने वाले मार्ग पर हरीशंकर के खेत की मेड़ पर पप्पू का शव पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

प्राथमिक जांच में मृतक की आंख के पास चोट का निशान मिला है, जबकि शरीर पर अन्य कोई गंभीर बाहरी चोट नहीं पाई गई। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने गला दबाकर हत्या की और पहचान छिपाने या घटना को दूसरी जगह का दिखाने के उद्देश्य से शव को खेत की मेड़ पर फेंक दिया।
बताया गया कि पप्पू ने पड़ोसी गांव धीरपुर में कमलेश शर्मा के मकान के निकट एक भूखंड खरीदा था। वह इन दिनों वहीं चारपाई डालकर रात में सोता था। ऐसे में पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या उसी स्थान पर हुई या फिर किसी अन्य जगह वारदात को अंजाम देकर शव यहां लाकर फेंका गया।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना पुलिस तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। साथ ही मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर उसकी गतिविधियों तथा संभावित रंजिश के बिंदुओं की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द घटना के खुलासे का दावा कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article