नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र का छठा दिन सोमवार को भी हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्ष जहां विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं केंद्र सरकार सार्वजनिक परीक्षाओं में पारदर्शिता और पेपर लीक पर रोक लगाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश करेगी।
सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह लोकसभा में सार्वजनिक परीक्षा (संशोधन) विधेयक पेश करेंगे। इस विधेयक का उद्देश्य प्रतियोगी एवं सार्वजनिक परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक, नकल माफिया और संगठित परीक्षा घोटालों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
प्रस्तावित संशोधन में परीक्षा की गोपनीयता भंग करने, प्रश्नपत्र लीक करने, तकनीकी माध्यमों से धोखाधड़ी करने और संगठित तरीके से परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने वालों के खिलाफ कठोर सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान किए जाने का प्रस्ताव है। सरकार का कहना है कि इससे भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं की विश्वसनीयता मजबूत होगी तथा अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
दूसरी ओर, विपक्ष विभिन्न राजनीतिक और जनहित के मुद्दों को लेकर संसद में सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रहा है। ऐसे में लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में एक बार फिर तीखी बहस और हंगामे की संभावना जताई जा रही है।
संसद की कार्यवाही के दौरान सभी की नजरें इस महत्वपूर्ण विधेयक पर रहेंगी, क्योंकि यह देशभर में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था और परीक्षा सुरक्षा से जुड़े कानून को और अधिक सख्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


