लखनऊ। उत्तर प्रदेश की चर्चित 69000 सहायक शिक्षक भर्ती में कथित आरक्षण घोटाले का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। आरक्षण से जुड़े अभ्यर्थियों ने शनिवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती के लखनऊ स्थित आवास का घेराव करने का ऐलान किया है। प्रदर्शन सुबह 10:30 बजे प्रस्तावित है।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया और इस मामले में न्याय दिलाने की मांग लंबे समय से लंबित है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
राजधानी में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मायावती के आवास के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाने और यातायात व्यवस्था में बदलाव की संभावना है।
गौरतलब है कि 69000 शिक्षक भर्ती का मामला कई वर्षों से न्यायालय में विचाराधीन है और आरक्षण व्यवस्था को लेकर लगातार आंदोलन और प्रदर्शन होते रहे हैं।


