बहराइच। गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में 48 वर्षीय महिला की घर के अंदर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला के सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतका के बेटे पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका-मुआयना कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।


