फर्रुखाबाद। यात्री ट्रेन के भीतर कथित अवैध वसूली को लेकर गुरुवार को उस समय हंगामा मच गया, जब विरोध करने पर दो यात्रियों पर चाकू से हमला किए जाने का आरोप लगा। हमले में दोनों यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे ट्रेन में अफरा-तफरी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग किन्नर बनकर यात्रियों से जबरन रुपये मांग रहे थे। जब दो यात्रियों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। घटना से गुस्साए यात्रियों और आसपास के ग्रामीणों ने चार आरोपियों को ट्रेन की एक बोगी में बंद कर दिया।
सूचना मिलने पर जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। घटना के कारण ट्रेन हरसिंगपुर गोवा हॉल्ट स्टेशन पर करीब दो घंटे तक खड़ी रही, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यात्रियों का आरोप है कि हिरासत में लिए गए लोग किन्नरों के भेष में ट्रेन में अवैध वसूली कर रहे थे। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घायलों के बयान और अन्य यात्रियों से पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हिरासत में लिए गए लोग वास्तव में किन्नर समुदाय से हैं या पहचान छिपाकर अवैध वसूली कर रहे थे।


