33 C
Lucknow
Thursday, July 23, 2026

हरियाणा से घर लौट रहे युवक की रोडवेज बस अड्डे पर संदिग्ध मौत, खून की उल्टी के बाद तोड़ा दम

Must read

फर्रुखाबाद। गुरुवार सुबह फर्रुखाबाद रोडवेज बस अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब हरियाणा से अपने घर लौट रहे एक 19 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते युवक को खून की उल्टी होने लगी और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद बस अड्डे पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, कन्नौज जनपद के थाना गुरसहायगंज क्षेत्र के गांव गोरी फराना निवासी मनीष (19) पुत्र शिवरतन सिंह हरियाणा के पानीपत में नौकरी करता था। वह अपने साथी सुंदरम पुत्र प्रमोद कुमार सिंह तथा सनी पुत्र जयपाल, निवासी बंदीजोर, जनपद हरदोई के साथ घर लौट रहा था। तीनों गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे फर्रुखाबाद रोडवेज बस अड्डे से कानपुर जाने वाली बस में सवार हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में बैठने के कुछ ही समय बाद मनीष की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे खून की उल्टी होने लगी, जिससे साथी घबरा गए। दोनों युवक तत्काल उसे बस से नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने का प्रयास करने लगे, लेकिन बस से उतरते ही मनीष ने अंतिम सांस ले ली।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों को अवगत कराया गया। कुछ ही देर बाद परिजन निजी वाहन से रोडवेज बस अड्डे पहुंचे और युवक के शव को अपने साथ घर ले गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि रोडवेज बस अड्डे के समीप पुलिस चौकी होने के बावजूद सूचना मिलने के बाद भी काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। लोगों के अनुसार युवक का शव करीब आधे घंटे तक रोडवेज इंक्वायरी कार्यालय के पास पड़ा रहा, जिससे यात्रियों में भी असहज स्थिति बनी रही।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article