नई दिल्ली/गुरुग्राम। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से भी चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार, मुलाकात के दौरान जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोनम वांगचुक से अपना अनशन समाप्त करने की अपील की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और चिकित्सकों की सलाह का पालन करने का आग्रह किया।
गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल स्थानांतरित किया गया था, जहां उनकी लगातार चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है।
वांगचुक पिछले कई दिनों से चल रहे अपने अनशन को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में हैं। सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत की कोशिशें भी जारी हैं, जबकि उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सोनम वांगचुक से मिले जेपी नड्डा, अनशन समाप्त करने की अपील


