2 जुलाई से 30 सितंबर तक होंगे आवेदन, लक्ष्य से अधिक आवेदन होने पर ई-लॉटरी से होगा चयन
फर्रुखाबाद। किसानों के लिए रबी सीजन 2026-27 की तैयारी शुरू हो गई है। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को अनुदान पर रबी फसलों के बीज उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। किसानों से निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है।
जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रबी सीजन के लिए अनुदानित बीजों की बुकिंग 2 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक की जाएगी। इस योजना के तहत मुख्य रूप से तोरिया, सरसों, गेहूं, जौ, चना, मटर और मसूर के बीज अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि रबी फसल वर्ष 2026-27 के लिए किसान upagriculture.up.gov.in वेबसाइट पर स्वयं या अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। विभाग ने किसानों से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो पात्र किसानों का चयन ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। चयनित किसानों को उनके विकास खंड स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से उपलब्धता के आधार पर अनुदानित बीज वितरित किए जाएंगे।
जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि सरकार किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने और समय से ऑनलाइन बुकिंग कराने का अनुरोध किया गया है।


