अयोध्या। जिला पुरुष चिकित्सालय में निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में बड़ी लापरवाही सामने आई। अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. बृजेश सिंह चौहान ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जिसमें ऑक्सीजन प्लांट बंद मिला और इमरजेंसी वार्ड की ऑक्सीजन पाइपलाइन भी संचालित नहीं पाई गई।
निरीक्षण के दौरान ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था में गंभीर खामियां मिलने पर अपर निदेशक ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) सहित संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
अपर निदेशक ने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट और पाइपलाइन को शीघ्र चालू कर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के आदेश दिए।
निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और खामियों को दूर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है।


