लखनऊ
कृष्णानगर इलाके में शुक्रवार तड़के एक होमगार्ड ने अपनी पत्नी और बेटी की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब 3 बजे की है। आरोपी रविंद्र शंकर गुप्ता (58) ने सोते समय तार से दोनों का गला घोंट दिया। वारदात के बाद उसने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी और कहा कि उसने हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को घर के ग्राउंड फ्लोर पर बेटी पूजा साहू (32) और पहली मंजिल पर पत्नी श्याम दुलारी (55) का शव मिला। आरोपी पत्नी के शव के पास बैठा हुआ था। DCP मोहम्मद मुस्ताक के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूजा किसी युवक से बातचीत करती थी, जिसको लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की पूरी वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
जांच में पता चला कि रविंद्र शंकर गुप्ता भोला खेड़ा मोहल्ले का निवासी है और लखनऊ PAC में होमगार्ड के पद पर तैनात था। परिवार में उसकी पत्नी, दो बेटियां, एक बेटा और नातिन हैं। बड़ी बेटी पूजा की पहली शादी वर्ष 2017 में हुई थी, लेकिन बाद में उसका तलाक हो गया। इसके बाद वर्ष 2022 में उसने दूसरी शादी की, जो आगे चलकर टूट गई। दूसरी शादी के बाद तलाक होने पर पूजा अपनी बेटी के साथ पिता के घर पर रहने लगी थी। उसकी छोटी बहन ससुराल में रहती है, जबकि भाई अपनी पत्नी के साथ पारा इलाके में रहता है।
इंस्पेक्टर प्रद्युम्न सिंह के मुताबिक, गुरुवार शाम रविंद्र ने अपने बेटे और बहू को घर पर दावत के लिए बुलाया था। दोनों रात में अपने घर लौट गए, जिसके बाद यह वारदात हुई। पुलिस ने यह भी बताया कि वर्ष 2025 में श्याम दुलारी घर से चली गई थीं और रविंद्र ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में वह एक रिश्तेदार के घर से मिली थीं। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


