38.1 C
Lucknow
Monday, July 13, 2026

किराना दुकानदार गिरफ्तार, एनबीडब्ल्यू पर पुलिस की कार्रवाई

Must read

– आज कोर्ट में होगी पेशी

फर्रुखाबाद/कमालगंज। थाना क्षेत्र के रजीपुर गांव में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत दर्ज मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता किराना दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से अदालत में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नारद मुनि रजीपुर स्थित किरण किराना स्टोर के संचालक हैं। कुछ समय पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने उनके प्रतिष्ठान पर निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए थे। प्रयोगशाला जांच में कथित अनियमितताएं सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की संबंधित धाराओं में न्यायालय में वाद दायर किया गया था। मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।

बताया गया कि नारद मुनि लगातार कई तारीखों पर अदालत में उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद न्यायालय ने उनके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया। मंगलवार को कमालगंज पुलिस ने वारंट की तामील करते हुए आरोपी को उसके प्रतिष्ठान से गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।

स्थानीय सूत्रों का दावा है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी की रिहाई के लिए कुछ राजनीतिक स्तर पर सिफारिशें भी की गईं, लेकिन पुलिस ने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए किसी प्रकार की रियायत नहीं दी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, नारद मुनि भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं और पूर्व में श्रृंगीरामपुर बूथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article