फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के भोलेपुर में एक युवक की पत्नी अपने एक साल के बच्चे को लेकर बिना बताए घर से चली गई। काफी तलाश के बाद भी पत्नी और बच्चे का पता नहीं चलने पर पति ने फतेहगढ़ कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई है। सीसीटीवी फुटेज में महिला बच्चे को लेकर गली से रेलवे स्टेशन की ओर जाती दिखाई दे रही है।
भोलेपुर निवासी आलोक त्रिपाठी एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 27 सितंबर को नाखून काटने वाले कटर को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। इससे पहले फोन पर बातचीत को लेकर भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आलोक के मुताबिक, विवाद के बाद मामला शांत हो गया था और उन्हें अंदाजा नहीं था कि पत्नी बच्चे को लेकर घर छोड़कर चली जाएगी।
आलोक ने बताया कि 27 सितंबर को जब वह काम से वापस घर पहुंचे तो मकान पर ताला लगा था। पत्नी और एक साल का बच्चा घर पर नहीं थे। आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने फतेहगढ़ कोतवाली पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई।
पति के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पत्नी बच्चे को साथ लेकर गली से रेलवे स्टेशन की तरफ जाती दिखाई दी। इसके बाद से उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पत्नी और बच्चे के अचानक चले जाने से आलोक परेशान हैं और लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


