फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र के समेचीपुर गांव में गंगा नदी का कटान लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को सुबह से देर शाम तक कटान की चपेट में आने से पांच मकान देखते ही देखते नदी में समा गए। अचानक हुए नुकसान से प्रभावित परिवारों में दहशत फैल गई। ग्रामीण घरों से जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं।
कटान की चपेट में आने वाले परिवारों में अमरूल हसन, अंसार, फरमान अली, अख्तर नवाज और लालू शामिल हैं। ग्रामीणों के अनुसार गांव में कई अन्य मकानों के आसपास भी जमीन तेजी से कट रही है, जिससे उनके भी नदी में समाने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गंगा का कटान लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले भी कई मकान कटान की चपेट में आ चुके हैं। शुक्रवार को पांच मकान नदी में समाने के बाद ग्रामीणों ने अपने घरों का सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाना शुरू कर दिया। लोगों की नजर लगातार गंगा के बढ़ते कटान पर बनी हुई है।
इधर, गांव चौरा के पास शमशाबाद-शाहजहांपुर मार्ग पर भी बाढ़ का पानी बह रहा है। सड़क पर पानी का तेज बहाव होने के बावजूद लोगों और वाहन चालकों को आवागमन करना पड़ रहा है। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से कटान प्रभावित क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कराने और गंगा के कटान को रोकने के लिए प्रभावी एवं स्थायी इंतजाम कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कई और मकान नदी की चपेट में आ सकते हैं।


