फर्रुखाबाद। भाजपा के कमालगंज के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं तत्कालीन जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने पार्टी के सभी दायित्वों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। व्यक्तिगत परिस्थितियों के चलते वह पार्टी के सभी दायित्वों से खुद को मुक्त कर रहे हैं।उन्होंने भाजपा के साथ अपने सफर को जीवन का अमूल्य अध्याय बताते हुए वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। साथ ही कहा कि पार्टी में उन्हें बहुत कुछ सीखने और अच्छे साथियों के साथ काम करने का अवसर मिला।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व प्रदीप सिंह ने सोशल मीडिया पर भोजपुर विधानसभा में कमालगंज क्षेत्र के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठाया था। उन्होंने लिखा था कि कमालगंज क्षेत्र से कोई प्रत्याशी क्यों नहीं हो सकता। भोजपुर विधानसभा से वर्तमान में भाजपा के नागेंद्र सिंह राठौर विधायक हैं और उनका गांव भी मोहम्मदाबाद ब्लॉक क्षेत्र में आता है। प्रदीप सिंह को पूर्व में विधायक का करीबी भी माना जाता रहा है।
प्रदीप सिंह के इस्तीफे के बाद स्थानीय भाजपा की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि अपने इस्तीफे में उन्होंने किसी नेता या संगठन पर कोई आरोप नहीं लगाया और व्यक्तिगत परिस्थितियों को ही कारण बताया है।


