– आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की रतिराम कॉलोनी में सोमवार को दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। हमलावर ने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें दो गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे दिल्ली के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान विपिन के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी सोनू ने किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद विपिन पर लगातार गोलियां चला दीं। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है, हालांकि अभी किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


