31.3 C
Lucknow
Thursday, October 1, 2026

खून से लथपथ होने के बावजूद डटे रहे कैप्टन स्मित मच्छार, 174 यात्रियों की बचाई जान

Must read

 

नई दिल्ली। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड-1073 में बुधवार को उस समय बड़ा संकट पैदा हो गया, जब उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। रिपोर्टों के अनुसार, ओमान के नागरिक सह-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया। विमान में कुल 174 लोग सवार थे।
हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने हिम्मत नहीं छोड़ी। उन्होंने हमलावर का प्रतिरोध किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू किया। विमान की स्थिति बिगड़ने के दौरान उड़ान में तेज गिरावट भी दर्ज की गई।
स्थिति गंभीर होने के बाद विमान का मार्ग बदलकर सऊदी अरब के तबुक ले जाया गया, जहां विमान की सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई। घटना में घायल कैप्टन स्मित मच्छार को उपचार के लिए तबुक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। भारतीय दूतावास के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर बताई गई और अधिकारियों ने उनके परिवार तथा सऊदी अधिकारियों से संपर्क बनाए रखा।
विमान में मौजूद यात्रियों में कुछ अन्य पायलट भी थे, जिन्होंने विमान को सुरक्षित उतारने में सहायता की। सभी यात्रियों के सुरक्षित बच जाने के बाद घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की। प्रधानमंत्री ने उन्हें “हीरो” बताते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अदम्य साहस और अटूट संकल्प दिखाया। प्रधानमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी प्रशंसा की और कहा कि घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलकर उन्होंने यात्रियों और चालक दल को हमलावर को काबू करने का अवसर दिया।
मुंबई के रहने वाले कैप्टन स्मित मच्छार को बोइंग-737 विमानों का लंबा अनुभव है। फ्लाईदुबई में शामिल होने से पहले वह करीब 11 वर्ष तक स्पाइसजेट से जुड़े रहे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनके पास लगभग 9,750 घंटे की उड़ान का अनुभव है।
आसमान में हजारों फीट की ऊंचाई पर पैदा हुए इस संकट में कैप्टन मच्छार के साहस और सूझबूझ ने यात्रियों को संभलने और हमलावर को काबू करने का महत्वपूर्ण अवसर दिया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद अब पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article