– पांच गंभीर घायल
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के खड़े ट्रक में पीछे से टकराने के बाद वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचा। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना की प्रमुख वजह मानी जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


