– 100 से बढ़कर 150 होगी सीटों की संख्या, शासन ने जारी किया एसेंशियलिटी सर्टिफिकेट
उरई,जालौन। राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन में एमबीबीएस की 50 सीटें बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने सीटों में वृद्धि के लिए एसेंशियलिटी सर्टिफिकेट जारी कर दिया है। इसके बाद कॉलेज में एमबीबीएस की सीटों की संख्या 100 से बढ़कर 150 हो जाएगी।
29 सितंबर को जारी प्रमाण पत्र में राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन, कालपी रोड उरई में 50 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटों के लिए शासन की ओर से आवश्यक प्रमाण पत्र जारी किया गया है। कॉलेज के मौजूदा अस्पताल में 605 बेड उपलब्ध होने की जानकारी भी प्रमाण पत्र में दी गई है।
शासन ने प्रमाण पत्र में प्रदेश में चिकित्सकों की आवश्यकता को देखते हुए एमबीबीएस सीटों में वृद्धि की जरूरत और उसकी व्यवहार्यता की पुष्टि की है। साथ ही सीटों में वृद्धि के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचे, फैकल्टी और क्लीनिकल सामग्री की उपलब्धता का भी सत्यापन किए जाने का उल्लेख है।
प्रमाण पत्र में प्रदेश में 88 यूजी मेडिकल कॉलेज व संस्थान तथा 66 पीजी स्टैंडअलोन मेडिकल कॉलेज व संस्थान होने की जानकारी दी गई है। वहीं प्रदेश में यूजी मेडिकल कॉलेजों में कुल 12,800 प्रवेश और करीब 24.12 करोड़ की आबादी का उल्लेख किया गया है। एसेंशियलिटी सर्टिफिकेट जारी होने की तारीख से तीन वर्ष तक वैध रहेगा। प्रमाण पत्र चिकित्सा शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव आनंद कुमार त्रिपाठी ने डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित किया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि एमबीबीएस की 50 सीटें बढ़ाने के लिए शासन की ओर से एसेंशियलिटी सर्टिफिकेट जारी किया गया है। सीटों की संख्या बढ़ने से जिले के साथ ही आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि आगे की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी।


