बलरामपुर। बुधवार सुबह बलरामपुर-तुलसीपुर मार्ग पर मेवालाल पुलिस चौकी के पास भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटे की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्विफ्ट डिजायर पहले सामने से आ रहे ट्रक से टकराई और इसके बाद सड़क पर जा रही बोलेरो से भिड़ गई। हादसे में कार सवार श्यामनारायण (45) और उनकी मां कैलाशी देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
श्यामनारायण तुलसीपुर चीनी मिल में केन मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। बुधवार सुबह करीब सात बजे वह मां कैलाशी देवी और पत्नी वंदना (40) को लेकर कार से लखनऊ जा रहे थे। बताया गया कि कैलाशी देवी का लखनऊ में डायलिसिस होना था। बालाजी गैस सर्विस के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई।
ट्रक से टक्कर के बाद कार दूसरी दिशा में जा रही बोलेरो से भी भिड़ गई। हादसे में स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बोलेरो चालक के मुताबिक, कार अचानक अपनी दिशा से हटकर ट्रक की ओर चली गई थी। स्थानीय लोगों ने चालक को झपकी आने की आशंका जताई, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है और हादसे की वजह की जांच की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल वंदना को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया है। हादसे के कारण मार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराया गया।
श्यामनारायण के परिवार में पत्नी वंदना और 16 वर्षीय बेटा सत्यम है, जो लखनऊ में कक्षा 11 में पढ़ता है। एक ही हादसे में मां-बेटे की मौत और बहू के गंभीर घायल होने से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।


