फर्रुखाबाद। थाना जहानगंज क्षेत्र के पतौजा गांव में चोरों ने रात के अंधेरे में एक ट्यूबवेल को निशाना बना लिया। चोर ट्यूबवेल की दीवार काटकर अंदर दाखिल हुए और विद्युत मोटर का स्टार्टर चोरी कर ले गए। सुबह ग्रामीण ट्यूबवेल पर पहुंचे तो दीवार कटी मिली और स्टार्टर गायब था। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।ग्रामीणों के अनुसार रात में चोरों ने ट्यूबवेल की दीवार में सेंध लगाई। इसके बाद अंदर रखे विद्युत मोटर के स्टार्टर को निकालकर ले गए। सुबह ट्यूबवेल पर पहुंचे लोगों ने क्षतिग्रस्त दीवार देखी तो चोरी की जानकारी हुई। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में बने ट्यूबवेल अक्सर रात के समय सुनसान रहते हैं, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं।
घटना के बाद गांव में चोरी को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि नियमित पुलिस गश्त होने से खेतों और ट्यूबवेलों को निशाना बनाने वाले चोरों पर अंकुश लगाया जा सकता है। ग्रामीणों ने चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर सामान बरामद कराने की भी मांग की है।


